ऊना में प्रदेश वॉलीबाल एसोसिएशन की बैठक में लिया फैसला
राष्ट्रीय वॉलीबाल फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र कंवर की अध्यक्षता में हुई बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। प्रदेश में वॉलीबाल खेल को नई दिशा देने और खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान करने के उद्देश्य से जिला ऊना में हिमाचल वॉलीबाल एसोसिएशन की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय वॉलीबाल अध्यक्ष वीरेंद्र कंवर ने की। इस दौरान प्रदेश में वॉलीबाल के विकास और खिलाड़ियों के भविष्य को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि हिमाचल प्रदेश में जल्द ही आईपीएल की तर्ज पर हिमवॉली लीग का आयोजन किया जाएगा। इस लीग के माध्यम से प्रदेश के उभरते हुए खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और वॉलीबाल खेल को गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने बताया कि हिमवॉली लीग के आयोजन से प्रदेश के खिलाड़ियों को एक पेशेवर मंच मिलेगा, जिससे उनकी प्रतिभा को निखारने और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के अवसर बढ़ेंगे। इसके साथ ही युवाओं में खेल के प्रति रुचि भी बढ़ेगी। लीग के सफल आयोजन के लिए टीमों के गठन, खिलाड़ियों के चयन, मैचों की व्यवस्था और अन्य जरूरी तैयारियों को लेकर आने वाले समय में विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाएगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र कंवर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर देने की है। उन्होंने कहा कि हिमवॉली लीग की शुरुआत से प्रदेश के खिलाड़ियों को एक बड़ा मंच मिलेगा और वॉलीबाल खेल को नई पहचान मिलेगी। इस मौके पर कोषाध्यक्ष रंजीत अटवाल, संयुक्त सचिव यशविन्दर ठाकुर और नवीन शर्मा, सदस्य संजीव राणा व पृथ्वीराज ठाकुर, कानूनी सलाहकार नवीन ठाकुर, प्रवक्ता नवीन शर्मा, हमीरपुर वॉलीबॉल अध्यक्ष जितेंद्र भनावल, ऊना के सचिव जितेंद्र ठाकुर तथा शिमला के कोषाध्यक्ष विकास कंवर विशेष रूप से मौजूद रहे।