बंद पड़ी सुविधा को अस्पताल प्रबंधन ने करवाया शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। आयुर्वेदिक अस्पताल ऊना में मरीजों को हिमकेयर और आयुष्मान जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ मिलना शुरू हो गया है। अस्पताल प्रबंधन की तरफ से इसे लेकर वर्तमान में अस्थाई व्यवस्था की गई है। आचार संहिता हटने के बाद इसे स्थाई तौर पर कर दिया जाएगा। इससे अब मरीजों को हिमकेयर और आयुष्मान कार्ड का प्रयोग कर निशुल्क उपचार प्राप्त कर सकते हैं। जिला आयुर्वेदिक अस्पताल में डाटा एंट्री ऑपरेटर की तैनाती न होने से मरीजों का पंजीकरण नहीं हो पा रहा है, जिस कारण वह योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रह रहे हैं।
जिला आयुर्वेदिक अस्पताल में जिले भर से मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। बीते कुछ माह से डाटा एंट्री ऑपरेटर के न होने के चलते हिमकेयर व आयुष्मान कार्ड चलाने को लेकर चिकित्सक पर अतिरिक्त कार्य सौंपा गया था। ऐसे में चिकित्सकों के अलावा मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। इस समस्या को दूर करने के लिए कई बार प्रक्रिया शुरू की गई। इसके बावजूद यह कार्य सिरे नहीं चढ़ पाया। इस प्रक्रिया के बीच बीते दिनों आचार संहिता लागू हो गई। इस पर अब अस्पताल प्रबंधन ने ही अस्पताल के एक अतिरिक्त कर्मचारी को इस काम का जिम्मा सौंपा है। बता दें कि अस्पताल में मरीज को अपने कार्ड सहित डाटा एंट्री ऑपरेटर के पास जाकर पंजीकरण करवाना पड़ता है। इसके बाद मरीजों को निशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं मिल पाती हैं। मरीजों को अब सुविधाएं मिलने से काफी राहत मिली है।
जिला आयुर्वेदिक अस्पताल में मरीजों को हिमकेयर और आयुष्मान कार्ड की सुविधा सुचारू रूप से मिल रही है। इसके अलावा मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने को लेकर काम किया जा रहा है।
डाॅ. ज्योति कंवर, जिला आयुष अधिकारी
सचित्र