चकसराय (ऊना)। स्वामी विवेकानंद सेवा ट्रस्ट चिंतपूर्णी के अध्यक्ष गौरव कुमार ने हिमाचल प्रदेश सरकार की हालिया कर नीति पर तीखा प्रहार करते हुए कहा है कि राज्य सरकार की नीतियां आम जनता के हितों के विपरीत साबित हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल सरकार एक ओर राहत के दावे कर रही है जबकि दूसरी ओर आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में कटौती कर देशभर में आम जनता को राहत देने का प्रयास किया गया। इसके विपरीत हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा ईंधन पर पांच रुपये तक अतिरिक्त सेस लगाने की तैयारी यह दर्शाती है कि राज्य सरकार इस राहत को निष्प्रभावी करने का काम कर रही है। स्थानीय लोगों ने भी इस मुद्दे पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकार को जनभावनाओं का सम्मान करते हुए राहत प्रदान करने वाले फैसले लेने चाहिए। संवाद