ऊना। ऊना की सब्जी मंडी में कृषि विभाग की ओर से किसानों को सब्सिडी (अनुदान) पर गेहूं के बीज सहित विभिन्न फसलों एवं सब्जियों के अन्य बीज उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। बाजार से कम दामों पर बेहतर गुणवत्ता का बीज मिलने के कारण क्षेत्र के किसान इसका जमकर फायदा उठा रहे हैं। कृषि विभाग की इस पहल से किसानों को सही समय पर और किफायती दरों पर प्रामाणिक बीज मिल पा रहा है। स्थानीय किसान गुरबचन चंद और अनुपम ने बताया कि मंडी में बहुत ही बढ़िया किस्म का बीज उपलब्ध करवाया जा रहा है, जो आम बाजार की तुलना में काफी कम दाम पर मिल रहा है। उन्होंने अन्य सभी किसानों से अपील करते हुए कहा कि कृषि विभाग द्वारा दी जा रही इस सुविधा का लाभ उठाएं और मंडी से ही सब्सिडी वाला बीज खरीदें, जिससे उनकी लागत में बचत होगी और फसल की पैदावार भी अच्छी होगी। कृषि विभाग उपनिदेशक डॉ. प्रेम ठाकुर ने बताया कि गेहूं का बीज कृषि विक्रय केंद्रों में उपलब्ध करवा दिया गया है।