लोगों का आरोप, लोक निर्माण विभाग की ओर से पानी की उचित निकासी न करने से आई समस्या
संवाद न्यूज एजेंसी
लठियाणी (ऊना)। भारी बरसात ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है। बुधान में शनिवार को लठियाणी, कोहडरा, शाहतलाई रोड के साथ लगते गरीब परिवारों रमेश चंद, राजेंद्र सिंह, राकेश कुमार के घरों में बरसात का पानी घुसने से घरेलू सामान खराब हो गया है। इनका कहना है कि जब लोक निर्माण विभाग मंडल बंगाणा की ओर से बरसाती पानी की निकासी के लिए नाली बनाई जा रही थी तो आग्रह किया गया था कि नाली को इस तरह बनाया जाए ताकि बरसात का पानी उनके घरों में न घुसे। उस समय विभाग की ओर से उनकी समस्या को दरकिनार कर नाली का निर्माण कर दिया गया। जब पिछली बरसात में विभाग की ओर से बनाई गई नाली से बरसाती पानी नहीं निकला और सड़क पर रुक गया। विभाग की ओर से गत वर्ष बरसात से दो माह पहले जिस स्थान पर पानी खड़ा होता था, वहां पर पेवर लगवा कर रोड से ऊंचा कर दिया। अब निकासी के लिए बनाई गई नाली में बरसाती पानी न निकलने के कारण लोगों के घरों के अंदर चला गया। प्रभावितों ने विभाग से मांग की है कि उनकी समस्या का जल्द समाधान किया जाए। अन्यथा कोई भी बड़ी घटना घट सकती है।
बाक्स
समाजसेवी मेहर चंद का कहना है कि इस स्थान पर बरसात का पानी विभाग की ओर से बनाई गई नाली से न निकलकर रास्ते में खड़ा हो जाता है। इससे समस्या बनी हुई है। विभाग को इस समस्या का जल्द समाधान करना चाहिए।
कनिष्ठ अभियंता लोक निर्माण विभाग लठियाणी सुरेश शर्मा का कहना है कि बारिश अधिक होने के चलते समस्या आई होगी। इस समस्या के समाधान के लिए तुरंत कारगर कदम उठाए जाएंगे।