आम जनता की आपत्तियों और दावों की बाद नहीं होगी सुनवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। नगर निगम ऊना के वार्ड परिसीमन से संबंधित दावों एवं आपत्तियों की सुनवाई सोमवार 16 जून को पूर्वाह्न 11:30 बजे उपायुक्त जतिन लाल के कोर्ट में की जाएगी। यह जानकारी नगर निगम आयुक्त एवं अतिरिक्त उपायुक्त ऊना महेंद्र पाल गुर्जर ने दी। उन्होंने बताया कि प्रारूप प्रकाशन के उपरांत निर्धारित अवधि के भीतर कुल 11 दावे एवं आपत्तियां उपायुक्त कार्यालय में प्राप्त हुई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुनवाई केवल उन्हीं दावों और आपत्तियों की होगी, जो पहले से ही प्राप्त हो चुकी हैं। नई आपत्तियों या दावों को नहीं सुना जाएगा। उन्होंने आग्रह किया कि जिन व्यक्तियों या संगठनों ने दावे या आपत्तियां प्रस्तुत की हैं, वे नियत तिथि और समय पर न्यायालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखें। प्राप्त आपत्तियों के निपटारे के पश्चात परिसीमन का अंतिम प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा। नगर निगम ऊना के अंतर्गत वार्ड परिसीमन के लिए प्रारूप प्रस्ताव 2 जून को प्रकाशित किया गया था। इसके बाद सभी संबंधित हितधारकों को प्रस्तावित सीमाओं की समीक्षा कर सात दिन के भीतर लिखित सुझाव, आपत्तियां अथवा सुधार प्रस्ताव प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया था। प्रस्तावित परिसीमन के अनुसार नगर निगम ऊना को कुल 17 वार्डों में विभाजित किया गया है। यह विभाजन क्षेत्रीय संतुलन, जनसंख्या वितरण, प्रशासनिक सुविधा तथा प्राकृतिक सीमाओं को दृष्टिगत रखते हुए किया गया है। 2011 की जनगणना के अनुसार इन 17 वार्डों की कुल जनसंख्या 45,604 है।