दावों-आपत्तियों पर होगी नियमानुसार कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर विकास खंड की विभिन्न पंचायतों में चल रही बाड़बंदी प्रक्रिया को लेकर उठे दावों और आपत्तियों पर प्रशासन ने गंभीरता से संज्ञान लिया और वीरवार को सुनवाई प्रक्रिया पूरी की। बीडीओ धर्मपुर बालम राम और पंचायत निरीक्षक संजय कुमार के पास संबंधित पंचायतों से आए लोगों की आपत्तियों और दावों को विस्तार से सुना गया और उनके बयान दर्ज किए गए। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और उन्होंने बाड़बंदी से जुड़े विभिन्न मुद्दों जैसे जमीन सीमांकन, रास्तों की उपलब्धता और पारंपरिक उपयोग पर अपनी आपत्तियां दर्ज करवाईं। अधिकारियों ने सभी दावों और दस्तावेजों को जांचते हुए उन्हें नियमानुसार दर्ज किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी भी पात्र व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ाई जाएगी। पंचायत निरीक्षक संजय कुमार ने कहा कि बाड़बंदी का कार्य अंतिम चरण में है और प्रशासन सभी पक्षों की सुनवाई के बाद ही अंतिम निर्णय लेगा। उन्होंने ग्रामीणों से सहयोग की अपील की और कहा कि विकास कार्यों में जनभागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। स्थानीय निवासी दीपक वर्मा, भवानी दत, केसर सिंह और हंसराज ने प्रशासन द्वारा उनकी समस्याएं सुनने और बयान दर्ज करने की प्रक्रिया की सराहना की। अब सभी दर्ज दावों और आपत्तियों की जांच के बाद प्रशासन अंतिम निर्णय लेगा, जिससे पंचायतों में बाड़बंदी प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके।