दौलतपुर चौक (ऊना)। प्रथम रेफरल यूनिट अस्पताल दौलतपुर की रोगी कल्याण समिति की गवर्निंग बॉडी की सालाना बैठक नपं हाल में हुई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम गगरेट विनय मोदी ने की। इसके अलावा गगरेट के विधायक राजेश ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
दो घंटे चली बैठक में दौलतपुर अस्पताल प्रभारी सदस्य सचिव रोगी कल्याण समिति डॉ. नीरू नरूला ने साल 2019-2020 के अनुमानित बजट 31 लाख 21 हजार 500 सौ रुपये पेश किया। इसे ध्वनि मत से पारित कर दिया गया। डॉ. नीरू नरूला ने वर्ष 2018-19 में अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए उठाए कदमों और आय-व्यय का लेखाजोखा प्रस्तुत किया। उन्होंने मरीजों की सुविधाओं को और सुदृढ़ करने के लिए किए जाने-वाले कार्यों की जानकारी दी। उन्हाेंने कहा कि लैब डाइग्नोसिस के लिए तीन लाख के बजट का प्रावधान किया है। अस्पताल में एपीएल, बीपीएल मरीजों के लिए दवाइयों के लिए दो लाख के बजट रखा है। बिजली एवं पानी की व्यवस्था के लिए एक लाख 50 हजार का बजट प्रस्तावित है। रिपेयर एवं मेंटिनेस के लिए दो लाख का प्रावधान किया गया। कलेक्शन एवं डिस्पोजेबल के लिए 60 हजार के बजट का प्रावधान रखा गया है। इसके अलावा अस्पताल के लिए मशीनरी खरीद के लिए 72 हजार का प्रावधान किया है।
इस मौके पर एसडीएम गगरेट विनय मोदी, बीएमओ गगरेट डॉ. एसके वर्मा, चिकित्सा प्रभारी डॉ. नीनू नरूला, नगर पंचायत अध्यक्ष बवीता रानी, डॉ. सुरेंद्र कंवर, व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव शर्मा, बलवीर सिंह, भूपिंद्र डडवाल, जिप परिषद सुषमा रानी, सहायक अभियंता नीरज कुमार, सहायक अभियंता बलदेव सिंह, डॉ. संजीव धीमान, सरोज चंदेल, कविता रानी, जेसी सैनी, विनोद कुमार, राकेश कुमार, अरुण शर्मा, पंकज, योग राज, शंभु दत्त, राकेश कुमार, राजेश परमार, संजीव पराशर, सन्नी शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
नहीं बढ़ाए लैब और एक्सरे के दाम
अस्पताल में टेस्ट और एक्सरे के दामों में बढ़ोतरी नहीं की गई। इसके अलावा मातृ शिशु एवं बीपीएल परिवारों की मुफ्त दवाइयों के लिये 10 लाख रुपये बजट में रखे गए हैं। अस्पताल में बिजली बिल के लिए एक लाख 80 हजार, अस्पताल में मरम्मत, पानी व्यवस्था और अन्य रखरखाव के लिए छह लाख का प्रावधान किया गया है। बायो मेडिकल वेस्ट के लिए 60 हजार रुपये मिलेंगे। वरिष्ठ नागरिकों और बीपीएल परिवारों के लिए एक लाख 48 हजार 856 रुपये की दवाइयां एवं टेस्ट फ्री किए गए।
यहां से आएगा फंड
अस्पताल में डाइग्नोस्टिक से तीन लाख, प्रोसिजर के माध्यम से 70 हजार, मेडिकल फीस से 85 हजार, जेएसवाई/एमएसवाई से 50 हजार, इंडोर चार्जिस 50 हजार, आयुष्मान भारत से 18 लाख, ऑक्शन प्रोसीड से 14 हजार और बैंक इंटरेस्ट से 20 हजार रुपये मिलने की उम्मीद है। इस मौके पर एसडीएम विनय मोदी ने कहा कि सरकार रोगी कल्याण समिति के माध्यम मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रयासरत है।
सुविधाओं पर दें ध्यान : राजेश
विधायक राजेश ठाकुर ने अस्पताल में व्याप्त खामियों पर कड़ा नोटिस लिया। उन्होंने एक्सरे और अल्ट्रा साउंड सुविधा पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। इस मौके पर अस्पताल परिसर में दुकानदारों सहित अन्य लोगों के वाहन पार्क होने का मामला भी उठा। इस पर जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए गए।