संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ूही (ऊना)। उपमंडल अंब की ग्राम पंचायत टकारला स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत एक बाल स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर डॉ. रोहित और डॉ. हनी के नेतृत्व में एक छह सदस्यीय चिकित्सकीय दल द्वारा संचालित किया गया। शिविर के दौरान छठी से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों का शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने जन्मजात विकारों, पोषण की कमी, विकास संबंधी समस्याओं तथा किशोरावस्था में होने वाले मानसिक व शारीरिक परिवर्तनों से उत्पन्न समस्याओं की पहचान कर उचित परामर्श दिया। डॉ. हनी ने बच्चों को नियमित रूप से आयरन की गोलियां लेने तथा मौसमी फल और सब्जियों के सेवन के लिए प्रेरित किया। वहीं डॉ. रोहित ने स्वच्छता के महत्व को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और नियमित व्यायाम को दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी। विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल बक्शी और स्वास्थ्य प्रभारी सोमनाथ ने चिकित्सा दल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर विद्यार्थियों के समग्र स्वास्थ्य विकास में सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय में समय-समय पर स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।