अंब से हरिद्वार के लिए रेल सेवा एक बार फिर शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
नंदपुर(ऊना)। लंबे समय से जनता की मांग पर अंब से हरिद्वार के लिए रेल सेवा एक बार फिर शुरू की जा रही है। शनिवार को सांसद अनुराग ठाकुर ऊना रेलवे स्टेशन से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इससे पहले ट्रेन का एक ट्रायल अंब से किया गया था, लेकिन बाद में अस्थायी रूप से इसे बंद कर दिया गया था, जिससे लोगों में निराशा थी। चिंतपूर्णी के पूर्व विधायक बलबीर सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष शाम मिन्हास और अन्य कार्यकर्ताओं ने यह मुद्दा अनुराग ठाकुर के समक्ष उठाया था। उन्होंने तुरंत रेलवे अधिकारियों से संपर्क कर सेवा बहाल करने के निर्देश दिए। यह ट्रेन धार्मिक नगरी हरिद्वार तक जाएगी, जिससे तीर्थ यात्रियों और आम यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी। रेल सेवा शुरू होने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।भाजपा जिला अध्यक्ष शाम मिन्हास ने बताया कि शनिवार दोपहर 2 बजे के बाद सांसद अनुराग ठाकुर ऊना स्थित भाजपा कार्यालय में नागरिकों से मिलकर उनकी समस्याएं भी सुनेंगे।