बंगाणा (ऊना)। राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में मिनी सचिवालय बंगाणा में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर जिला आयुर्वेद अधिकारी ऊना डॉ. किरण शर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। शिविर के दौरान सचिवालय के लगभग 65 अधिकारियों और कर्मचारियों के उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह टेस्ट किए गए। जांच के साथ-साथ विशेषज्ञों ने उपस्थित कर्मियों को आयुर्वेद के निवारक सिद्धांतों की जानकारी दी और दैनिक जीवन में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर आयुष विभाग की टीम ने शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने वाले पारंपरिक तुलस्यादि क्वाथ का निर्माण कर सभी उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को वितरित किया। इसके अतिरिक्त पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आयुर्वेद का संदेश देते हुए उपमंडलाधिकारी बंगाणा तथा तहसीलदार बंगाणा को स्मृति-चिह्न के रूप में पौधे भेंट किए गए।