ऊना। स्वास्थ्य विभाग ने बरसात के दिनों में सर्पदंश के मामलों को लेकर एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने बताया कि बरसात के मौसम में जहरीले सांप के काटने का अंदेशा रहता है। जहरीले सांपों से बचने के लिए ध्यानपूर्वक घर से बाहर निकलें। सर्पदंश से कुछ ही मिनटों में मृत्यु तक हो सकती है। अधिकांश सांप विषहीन होते हैं लेकिन कुछ एक सांप विषैले भी होते हैं। विभाग ने कहा कि उन स्थानों से हमेशा दूर रहें जहां सांप होने की आशंका होती है। ऐसी जगह पर काम करते समय जहां सांप होने की आशंका हो, लंबे और मजबूत जूते पहनें, बाजुओं और टांगों को ढककर रखें। गर्म मौसम में रात को बाहर काम करने से बचें क्योंकि इस समय सांप सबसे ज्यादा सक्रिय होते हैं। सांप के काटने पर संयम रखें ताकि हृदय गति तेज न हो। ऐसे समय पर तुरंत एंबुलेंस को कॉल करें और शीघ्र अति शीघ्र चिकित्सा सहायता के लिए नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान ले जाएं। इस दौरान किसी भी प्रकार की झाड़ फूंक करवाकर समय बर्बाद न करें। विभाग की तरफ से जिले में एंटी स्नेक वेनम सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, नागरिक अस्पतालों तथा क्षेत्रीय अस्पताल में उपलब्ध हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके वर्मा ने बताया कि सर्पदंश होने पर तुरंत मरीज को अस्पताल पहुंचाएं व सतर्क रहें।