प्रदेश की बल्क ड्रग पार्क परियोजना का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। सभी आवश्यक औपचारिकताओं को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है और आने वाले महीनों में परियोजना की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी होगी। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने यह बात हरोली में कही। उन्होंने कहा कि परियोजना के तहत उद्योगों से निकलने वाले अपशिष्ट के वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल निस्तारण के लिए कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (सीईटीपी) का निर्माण किया जाएगा। वहीं, उद्योगों को निर्बाध उपयोगिता सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक कॉमन बॉयलर प्लांट भी स्थापित किया जाएगा, जिससे इकाइयों को अलग-अलग बॉयलर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और लागत के साथ प्रदूषण में भी कमी आएगी। बल्क ड्रग पार्क में दिसबंर महीने तक प्लॉट आवंटित किए जाएंगे। 1405 एकड़ क्षेत्र में बनने वाला बल्क ड्रग पार्क करीब दो हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजना है, जिसमें केंद्र और प्रदेश सरकार एक-एक हजार करोड़ रुपये का निवेश कर रही है। बल्क ड्रग पार्क में 110 औद्योगिक प्लॉट तैयार किए जाएंगे। इनमें लगभग 70 से 80 एपीआई निर्माण औद्योगिक इकाइयां स्थापित होंगी।