जीएसटी अदायगी में अनियमितताओं का शक
उद्योग के सारे रिकाॅर्ड को टीम ने कब्जे में लिया
बुधवार देर शाम तक टीम के अधिकारियों के खंगाला रिकॉर्ड
संवाद न्यूज एजेंसी
गगरेट (ऊना)। वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) विभाग की केंद्रीय टीम ने बुधवार को औद्योगिक क्षेत्र गगरेट में स्थित एक पैकेजिंग उद्योग में दबिश दी। बताया जा रहा कि यह छापा वस्तु एवं सेवा कर में अनियमितताओं के शक पर आधारित है। केंद्रीय टीम के अधिकारी बुधवार को उद्योग में आए और उन्होंने तमाम रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी। हालांकि, वस्तु एवं सेवाकर विभाग की टीम का कोई भी अधिकारी प्रतिक्रिया देने को तैयार नहीं है। उद्योग से न तो किसी को बाहर आने की इजाजत है और न ही किसी को अंदर जाने दिया जा रहा।
जानकारी के अनुसार गगरेट में स्थित पैकेजिंग उद्योग अन्य उद्योगों को सामान की पैकेजिंग के लिए मैटीरियल उपलब्ध करवाता है। सूत्रों की मानें तो उद्योग में आने वाले कच्चे माल और तैयार माल को लेकर वस्तु एवं सेवाकर में भिन्नता पाए जाने पर ही वस्तु एवं सेवा कर की टीम ने यहां दबिश दी। हालांकि, अभी तक कोई भी अधिकारी इस बारे में खुल कर बोलने को तैयार नहीं। उद्योग के सारे रिकाॅर्ड को टीम ने कब्जे में ले लिया। हर रिकाॅर्ड को खंगाला जा रहा है। वस्तु एवं सेवा कर में कितनी भिन्नता पाई गई, इसका अभी कुछ पता नहीं चल पाया है। सूत्रों की मानें तो टीम उद्योग के रिकाॅर्ड को जांच के लिए साथ भी लेकर जा सकती है। उसके बाद ही पता चल पाएगा कि उद्योग की ओर से अगर वस्तु एवं सेवा कर में चपत लगाई गई है तो वह कितने की है। इससे पहले भी वस्तु एवं सेवा कर की केंद्रीय टीम यहां के एक अन्य उद्योग में दबिश दे चुकी है।