ऊना। शादी-विवाह की रस्मों के साथ उन्हें मनाने का अंदाज भी बदल रहा है। कभी हल्दी की रस्म सादगी से निभाई जाती थी लेकिन अब फूलों की ज्वेलरी के बिना यह समारोह अधूरा सा नजर आने लगा है।
बदलते फैशन के बीच हल्दी और मेहंदी की रस्मों में फूलों से बनी ज्वेलरी खास आकर्षण बन रही है। बाजार में इन दिनों फूलों की ज्वेलरी के कई डिजाइन और रंग उपलब्ध हैं।
लड़कियां अपनी ड्रेस से मैच करती पीले, गुलाबी, हरे और अन्य रंगों की ज्वेलरी पसंद कर रही हैं। नेकलेस, झुमके, मांग टीका, बाजू बंद और कंगन समेत कई तरह के सेट बाजार में मिल रहे हैं।
महिला दुकानदार अकाशा ने बताया कि शादी के सीजन में फूलों की ज्वेलरी की मांग बढ़ी है। पहले ग्राहक हल्दी के लिए गजरे या सामान्य सजावट का सामान लेते थे लेकिन अब पूरा ज्वेलरी सेट खरीदना पसंद कर रहे हैं। फूलों की ज्वेलरी आकर्षक होने के साथ हल्की भी होती है। बाजार में इसके सेट करीब 200 से 500 रुपये तक में उपलब्ध हैं।
पूनम शर्मा ने बताया कि हल्दी और मेहंदी जैसे कार्यक्रमों में भारी गहनों के बजाय फूलों की ज्वेलरी का चलन बढ़ा है। यह पारंपरिक लुक के साथ आधुनिक अंदाज भी देती है। खासकर फोटोशूट और सोशल मीडिया के दौर में लड़कियां अपनी ड्रेस के साथ मैच करती ज्वेलरी पसंद कर रही हैं।