एनएचएआई की पहल से बना टनल में भव्य और मनमोहक दृश्य
सौंदर्य की दृष्टि से आकर्षक और यात्रियों को जोड़ने का बना माध्यम
आशीष शर्मा
गोंदपुर बनेहड़ा (ऊना)। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने जिला कांगड़ा के रानीताल में निर्माणाधीन हाईवे टनल के प्रवेश द्वार पर सराहनीय पहल की है। एनएचएआई की ओर से बनाई जा रही टनल के प्रवेश द्वार पर माता चिंतपूर्णी की भव्य और मनमोहक तस्वीर पेंटिंग करके स्थापित की गई है। यह श्रद्धालुओं और यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गई है। यह तस्वीर न केवल धार्मिक महत्व रखती है बल्कि हिमाचल की सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक विकास के संगम के प्रतीक को भी दर्शाती है। कांगड़ा हाईवे धर्मशाला-पालमपुर और अन्य प्रमुख स्थानों को जोड़ता है। पर्यटकों और तीर्थ यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है। इस मार्ग पर बनी टनल के बाहर माता चिंतपूर्णी की तस्वीर स्थापित करना राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से एक अनूठा प्रयास है। माता चिंतपूर्णी का मंदिर सदियों से भक्तों के लिए चिंताओं को दूर करने और मनोकामनाएं पूर्ण करने का प्रतीक है। नवरात्र के दौरान यहां लाखों श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए उमड़ते हैं। इस तस्वीर के माध्यम से एनएचएआई ने न केवल माता की महिमा को बढ़ाया है बल्कि हिमाचल की इस पवित्र भूमि को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक पहचान दिलाने का प्रयास किया है। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने इस पहल की प्रशंसा की है। चिंतपूर्णी मंदिर न्यास की अधिवक्ता राजकुमारी ने कहा कि माता चिंतपूर्णी की भव्य तस्वीर टनल के प्रवेश द्वार पर लगाना एनएचएआई की सराहनीय पहल है।