जानकारी के अनुसार दिलवां निवासी बलवीर चौधरी किडनी की बीमारी से पीड़ित हैं। इसी का फायदा उठाते हुए चार लोग उनके घर पहुंचे। आरोपियों ने बलवीर की पत्नी को अपनी बातों में उलझाते हुए दावा किया कि वे उसके पति की बीमारी ठीक कर सकते हैं। इसके बाद उन्होंने कथित रूप से कुछ धार्मिक क्रियाएं और फूंक मारने का नाटक किया। आरोपियों ने महिला से कहा कि उसके शरीर पर पहने हुए सोने के आभूषण उपचार में बाधा बन सकते हैं, इसलिए उन्हें उतारकर दे दिया जाए। इसके बाद उन्होंने एक रूमाल में कुछ बांधकर महिला को थमा दिया और कहा कि वह इसे शाम छह बजे खोले। साथ ही यह भी दावा किया कि रूमाल खोलने के बाद उसके पति की तबीयत में सुधार हो जाएगा।
ठगों की बातों में आकर महिला ने अपनी सोने की बालियां और सिंगी उन्हें सौंप दीं। आभूषण हाथ लगते ही चारों आरोपी वहां से भाग गए। कुछ समय बाद जब महिला ने रूमाल खोलकर देखा तो उसमें कुछ भी नहीं था। इसके बाद परिवार को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि ठगी की शिकायत पुलिस के पास पहुंची है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अंधविश्वास में आकर किसी अनजान व्यक्ति पर भरोसा न करें और ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।