कहा, संभावित हार को देखते हुए सरकार कर रही चुनाव टालने की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। प्रदेश के पूर्व पंचायती राज मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र कंवर ने बंगाणा में प्रेस को जारी बयान में दावा किया इस वर्ष दिसंबर में प्रस्तावित पंचायत चुनाव अब नहीं होंगे। प्रदेश सरकार पंचायती राज चुनाव में संभावित हार के डर से चुनाव को एक वर्ष तक टालने की तैयारी में है। कंवर ने कहा कि हर चुनावी वर्ष में 25 सितंबर तक पंचायतों का रोस्टर जारी हो जाता था, लेकिन इस बार आधा अक्तूबर बीतने के बावजूद न तो रोस्टर जारी हुआ है और न ही चुनावी लिस्ट सरकार के दफ्तरों तक पहुंची है। उन्होंने सवाल उठाया कि अभी तक चुनावी प्रक्रिया की शुरुआत ही नहीं हुई तो दिसंबर में चुनाव कराना संभव नहीं है। पंचायती राज विभाग और राज्य चुनाव आयोग दोनों ही इस बार असमंजस में हैं, क्योंकि सरकार से कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं दिए गए हैं। आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर आपदा का बहाना बना रही है, जबकि पंचायत चुनाव आयोजित करने के लिए राज्य की स्थिति पूरी तरह सामान्य है। जिस तरह सरकार ने कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के निदेशक मंडल के चुनाव को टालने का निर्णय लिया, उसी तर्ज पर पंचायत चुनाव को टालने की कोशिश की जा रही है। सरकार वास्तव में पारदर्शिता में विश्वास रखती है तो उसे तुरंत रोस्टर और चुनावी लिस्ट जारी करनी चाहिए तथा दिसंबर में चुनाव करवाने चाहिए।