बरमला चैक पोस्ट पर वाहनों की जांच करते सुरक्षा कर्मी। संवाद
पहलगाम हमले के बाद बढ़ाई सुरक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल (ऊना)। पहलगाम में आतंकवादियों की ओर से हमला कर हिंदुओं की हत्या करने के बाद भारत सरकार की ओर से कड़ा संज्ञान लेते हुए सिंधू जल समझौते को रद्द किया गया। इसके चलते देश के प्रसिद्ध भाखड़ा डैम की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है। नंगल-भाखड़ा मुख्य मार्ग पर स्थित बरमला चैक पोस्ट की सुरक्षा कड़ी कर दी है। बरमला चेक पोस्ट पर तैनात सुरक्षा कर्मचारी भाखड़ा की तरफ जाने वाली हर गाड़ी की गहनता से जांच करने के बाद ही आगे बढ़ने दे रहे हैं। इसके अलावा गाड़ी में सवार लोगों के आधार कार्ड की भी जांच की जा रही है। इसी मार्ग पर हिमाचल पुलिस की ओर से ग्वालथाई चेक पोस्ट पर भी पुलिस के जवान काफी मुस्तैद नजर आए और यहां भी हर गाड़ी की गहनता से जांच की जा रही है। नंगल से भाखड़ा तक कुल 10 किलोमीटर की दूरी पर ही गांव बरमला चेक पोस्ट पर पंजाब पुलिस और ग्वालथाई में हिमाचल पुलिस का नाका लगा हुआ है। इन दोनों चेक पोस्ट पर दिन रात सुरक्षा कर्मचारी तैनात हैं। इस बारे में बरमला चेक पोस्ट के प्रभारी एएसआई सुरेंद्र सिंह ने कहा कि भाखड़ा डैम की ओर जाने वाले पर्यटकों के बीबीएमबी लोक संपर्क कार्यालय से पास बनते हैं। इसके बाद जब गाड़ी बैरियर पर पहुंचती है तो गाड़ी की गहनता से जांच की जाती है। उन्होंने कहा कि बेशक चार बजे के बाद पर्यटकों के लिए यह मार्ग बंद हो जाता है लेकिन यहां पंजाब पुलिस के जवान दिन-रात तैनात रहते हैं।