प्लानिंग विभाग की बैठक में ऊना के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने रखीं कई मांगे
बोले, सचिवालय के दूसरे चरण के निर्माण कार्य को लेकर एस्टिमेट तैयार कर शीघ्र पूरा करवाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। शिमला में शुक्रवार को आयोजित प्लानिंग विभाग की बैठक में ऊना के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने अपने विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न विकासात्मक और जनहित से संबंधित प्राथमिकताओं को सरकार के समक्ष विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि ऊना क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं लंबे समय से लंबित हैं, जिनका समयबद्ध तरीके से पूरा होना अत्यंत आवश्यक है। इन सभी प्रस्तावों को प्रदेश सरकार के समक्ष प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति देकर शीघ्र पूरा करने की मांग की। भबौर साहिब सिंचाई योजना फेस-1 और फेस-2 को लेकर विधायक ने कहा कि इसकी 132.50 करोड़ रुपये की डीपीआर दिल्ली स्थित केंद्र सरकार के पास भेजी जाए, जिसे जल्द मंजूरी दिलवाई जाए ताकि किसानों को सिंचाई की सुविधा मिल सके। बैठक में विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने सचिवालय के दूसरे चरण के निर्माण कार्य को लेकर एस्टिमेट तैयार कर उसे शीघ्र पूरा करने की मांग उठाई। इसके साथ ही ऊना के रामपुर क्षेत्र में संतोषगढ़ रोड स्थित क्षतिग्रस्त पुल, ऊना के बीडीओ कार्यालय के लिए पूर्व सरकार के कार्यकाल में 2.50 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी, लेकिन कार्य अब तक पूरा नहीं हो पाया है। इसी तरह ऊना के पीजी कॉलेज की अधूरी पड़ी बिल्डिंग को भी जल्द पूरा करने की मांग बैठक में रखी गई। सत्ती ने सनोली स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूल का भवन पूर्व भाजपा सरकार के समय बनाया गया था, लेकिन अभी तक इस भवन में दरवाजे और खिड़कियां नहीं लगे हैं। उन्होंने यह मुद्दा उठाते हुए इसे तुरंत पूरा करने की मांग की।