स्कूल में बच्चों की संख्या बढ़ाने के लिए की पहल
प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने मिलकर दिया योगदान
संवाद न्यूज एजेंसी
नारी (ऊना)। राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला ढक्की की ओर से विद्यालय में बच्चों की संख्या बढ़ाने के लिए अपने ही प्रयास से वाहन सेवा शुरू कर दी है। प्राथमिक विद्यालय के मुख्य अध्यापक, सभी अध्यापकों, प्रधानाचार्य के योगदान से यह कार्य संभव हो पाया है। पिछले महीने प्राथमिक पाठशाला के अध्यापकों ने संख्या को बढ़ाने के लिए खूब पसीना बहाया और आसपास के बच्चों को सरकारी स्कूल में मिलने वाली सुविधाओं से अवगत कराया। इसके अलावा उनकी हर आवश्यकता को पूरी करने का आश्वासन देकर और लाने-ले जाने के लिए वाहन सेवा का भी शुभारंभ प्रधानाचार्य से करवाया। उन्होंने हरी झंडी देकर छुट्टी के समय वाहन को रवाना करने की रस्म निभाई। उन्होंने बताया कि उम्मीद है कि वाहन लगने से बच्चों की संख्या और भी बढ़ेगी तथा लोगों का रुझान सरकारी स्कूल की तरफ अवश्य बढ़ेगा। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को सरकारी स्कूल में दाखिल करने का आग्रह किया है। संवाद