जंगल में लगी आग की चपेट में आने से हुआ नुकसान
लोगों की मेहनत और उम्मीदों पर फेर दिया पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां (ऊना)। क्षेत्र की मंदली पंचायत में शिवा प्रोजेक्ट के तहत ग्रामीणों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से लगाए गए 800 अनार के पौधे आग की चपेट में आकर जलकर राख हो गए। यह घटना ग्रामीणों के लिए न केवल आर्थिक नुकसान का कारण बनी, बल्कि उनकी आजीविका पर भी गंभीर संकट खड़ा कर दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि ये पौधे शिवा प्रोजेक्ट के तहत लगाए गए थे। इनसे आने वाले वर्षों में उन्हें आय का स्थायी स्रोत मिल सकता था लेकिन बीते दिनों जंगल में लगी आग ने उनकी मेहनत और उम्मीदों पर पानी फेर दिया। सुरजीत सिंह, साधू सिंह, महेंद्र सिंह, अनिल कुमार, सरवन सिंह, रामा देवी, अमृतलाल, रणजीत सिंह, संध्या देवी की ओर से लगाए गए पौधे राख हुए। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही पीड़ित किसानों को मुआवजा देने और पुनर्वास की योजना जल्द से जल्द लागू की जानी चाहिए। मंदली पंचायत के प्रतिनिधियों ने भी घटना पर चिंता व्यक्त की है और उच्च अधिकारियों से हस्तक्षेप करने की मांग की है। बागवानी विभाग के वीरेंद्र का कहना है कि आग से काफी नुकसान हुआ है। इसे लेकर उच्च अधिकारियों को जानकारी दे दी गई है।