विधायक ने मवा कहोलां में नवनिर्मित बैडमिंटन और वाॅलीबाल कोर्ट का किया उद्घाटन
संवाद न्यूज एजेंसी
गगरेट (ऊना)। ग्रामीण परिवेश के युवाओं को खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रदेश सरकार गंभीर है। इसी कड़ी में सरकार ग्रामीण परिवेश में भी खेल का आधारभूत ढांचा विकसित करने के प्रयास कर रही है। यह बात विधायक राकेश कालिया ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मवा कहोलां में सत्रह लाख छब्बीस हजार रुपये की लागत से नवनिर्मित बैडमिंटन कोर्ट व वाॅलीबाल कोर्ट का विधिवत उद्घाटन करते हुए कही। इसके साथ ही उन्होंने दो लाख 33 हजार रुपये के कबड्डी मैट भी स्कूल को उपलब्ध करवाए। विधायक ने कहा कि हाल ही के दिनों में युवा वर्ग का रुझान तेजी से खेलों की ओर बढ़ा है। कभी विद्यार्थियों में यह भावना जगाई जाती थी कि खेलों में समय व्यतीत होने से उनका भविष्य खराब होगा और पढ़ने से ही उनका सुखद भविष्य बनेगा। लेकिन, हाल ही में पमंडल अंब के बदाऊं गांव के पैरा ओलंपिक निषाद को प्रदेश सरकार ने सात करोड़ अस्सी लाख रुपये का नकद पुरस्कार देकर नवाजा है। बेहतर खिलाड़ी बनने के लिए भी अथाह मेहनत की जरूरत है। खिलाड़ी मेहनत तभी करेगा यदि उसे मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उनका एकमात्र उद्देश्य विधानसभा क्षेत्र गगरेट का संपूर्ण विकास है। इस बार वह शिक्षा के साथ-साथ खेलों को बढ़ावा देने के लिए भी प्रयासरत हैं।