बंगाणा (ऊना)। राज्य स्तरीय तीन दिवसीय बैसाखी मेला कालेश्वर रक्कड़ धूमधाम से संपन्न हुआ। मेले के समापन अवसर पर कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान मेला कमेटी द्वारा विधायक विवेक शर्मा को सम्मानित किया गया। विधायक ने कहा कि मेले और त्योहार हमारी पौराणिक संस्कृति और परंपराओं का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पौराणिक संस्कृति, धार्मिक स्थलों और पारंपरिक मेलों को सहेजने और बढ़ावा देने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी संस्कृति से जुड़ी रहें। उन्होंने मेला कमेटी के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों की सराहना की।