पंडोगा (ऊना)। प्रदेश में सरकारी विकास कार्यों को पूरा करने वाले ठेकेदार पांच महीने से भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। बिल लंबित होने के कारण ठेकेदारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
मजदूरों की दिहाड़ी, निर्माण सामग्री के बिल और बैंक की किस्तें चुकाना मुश्किल हो रहा है। आर्थिक तंगी का असर परिवारों पर भी पड़ रहा है। कई ठेकेदार इस बार दिवाली पर भी परिवार की जरूरतें पूरी नहीं कर पाए।
कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन के पदाधिकारी राजीव मेनन, योगराज और योगराज धीमान ने कहा कि सरकारी कामों में ठेकेदारों को पहले अपनी पूंजी लगाकर सीमेंट, सरिया, बजरी, मशीनरी और मजदूरी का खर्च उठाना पड़ता है।
इसके बाद भी भुगतान महीनों तक अटका रहने से आर्थिक स्थिति बिगड़ रही है। कई ठेकेदारों को काम जारी रखने के लिए कर्ज लेना पड़ रहा है। उन्होंने आशंका जताई है कि भुगतान में देरी जारी रही तो नए विकास कार्य शुरू करने और मौजूदा परियोजनाओं को समय पर पूरा करने में परेशानी आएगी।
ठेकेदार कमल ठाकुर और गणेश धीमान ने कहा कि लंबे समय से भुगतान नहीं मिलने के कारण निर्माण कार्यों की गति प्रभावित हो रही है। मजदूरों और निर्माण सामग्री का खर्च निकालना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने सरकार से मांग की कि लंबित बिलों का जल्द भुगतान किया जाए, ताकि ठेकेदारों को आर्थिक राहत मिल सके और विकास कार्य प्रभावित न हों।