संतुलन बिगड़ने से फंसे लोडेड ट्रक को हाइड्रा मशीन की मदद से निकालते हुए।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
तकनीक पर जरूरत से ज्यादा निर्भरता कभी-कभी बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है। ऐसा ही मामला सोमवार को हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में देखने को मिला, जहां गूगल मैप के निर्देशों का अनुसरण करते हुए सामान से लदा एक ट्रक स्वां नदी के किनारे बने संकरे रास्ते पर फंस गया। स्थिति ऐसी बन गई कि ट्रक के नदी में पलटने का खतरा पैदा हो गया। जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक अंब से गगरेट की ओर जा रहा था। रास्ता तलाशने के लिए वह गूगल मैप्स का इस्तेमाल कर रहा था। इसी दौरान वह पुराने अंब रोड से होते हुए स्वां नदी के किनारे बने वैकल्पिक मार्ग पर पहुंच गया।
संकरे रास्ते पर बिगड़ा ट्रक का संतुलन
ट्रक में सामान लदा होने के कारण चालक को संकरे रास्ते की वास्तविक स्थिति और भारी वाहन के लिए उसकी उपयुक्तता का अंदाजा नहीं लग पाया। जैसे ही ट्रक इस मार्ग पर आगे बढ़ा, उसका संतुलन बिगड़ने लगा। स्थिति तब गंभीर हो गई जब ट्रक का एक पहिया स्वां नदी की तरफ झुक गया। इससे वाहन के नदी में पलटने का खतरा पैदा हो गया। गनीमत रही कि ट्रक वहीं फंस गया और बड़ा हादसा होने से बच गया।