अंब अंदौरा रेलवे स्टेशन पर निशाद कुमार का मुंह मीठा करवाती उसकी बहन और प्रशंसक।स्रोत :संवाद।
अंब, मैहतपुर (ऊना)। वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के स्वर्ण पदक विजेता निषाद कुमार का अंब पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। सोमवार को वह वंदे भारत ट्रेन से अंब अंदौरा रेलवे स्टेशन पहुंचे। जहां सैकड़ों लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर बैंड बाजे और फूल मालाओं से उनका अभिनंदन किया। निषाद की बहन रमा देवी ने भाई के माथे पर तिलक लगाया और मुंह मीठा करवाया। इस मौके पर लोगों ने निषाद के पिता रछपाल सिंह और माता पुष्पा देवी को भी फूल मालाएं पहनाई। निषाद कुमार के काफिले का राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अंदौरा के विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों ने नागरिक अभिनंदन किया।
वहीं निषाद की उपलब्धि पर सरस्वती विद्या मंदिर कटोहड़ खुर्द की प्रधानाचार्य मीनाक्षी शर्मा, स्टाफ तथा विद्यार्थियों ने बैंड-बाजों के साथ जोरदार अभिनंदन किया। प्रिंसिपल मीनाक्षी शर्मा ने कहा कि विद्या भारती द्वारा संचालित हिमाचल शिक्षा समिति के विद्यालयों में बच्चों को संस्कारों के साथ-साथ बौद्धिक, आध्यात्मिक, शारीरिक व मानसिक विकास आदि पर विशेष बल दिया जाता है।