हर घर दस्तक अभियान से लोगों को नशे के प्रति किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। जिले को नशामुक्त बनाने के लिए प्रशासन अब हर घर में दस्तक दे रहा है। इसमें प्रशासन हर घर के लोगों को जागरूक कर रहा है। शनिवार को सीडीपीओ बंगाणा रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में हर घर दस्तक अभियान को आगे बढ़ाने का आगाज हुआ। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत टकोली और बेरियां में हर घर दस्तक देकर लोगों को जागरूक किया। सीडीपीओ ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए इस अभियान को तभी सफल बनाया जा सकता है, अगर आपके आसपास कोई नशा करता है या नशा बेचता है तो ऐसे लोगों की जानकारी प्रशासन तक पहुंचाएं, ताकि युवाओं को नशे के जाल में फंसने से बचाया जा सके। अगर किसी को नशे से संबंधित जानकारी प्राप्त करनी हो तो नशामुक्त ऊना अभियान के अन्तर्गत दिए गए हेल्पलाइन नंबर 9418064444 पर कॉल करके पता कर सकता है। अगर आपके इलाके में कोई नशा सेवन या कारोबार कर रहा है तो ड्रग फ्री हिमाचल ऐप पर इसकी जानकारी दे सकता है। इस मौके पर नशामुक्त ऊना अभियान के मुख्य समन्वयक सतपाल रणावत ने पंचायत टास्क फोर्स के सदस्य से इस अभियान को सफल बनाने की अपील की। इस अवसर पर आंगनबाड़ी पर्यवेक्षक मधु सुमन, पंचायत प्रतिनिधि, महिला मंडल, युवा मंडल, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्थानीय स्कूल के इंचार्ज और समस्त अध्यापक मौजूद रहे।