ऊना। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में निर्णायक बदलाव लाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने बेहतर शिक्षा और उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने की सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।
वह सोमवार को हरोली उपमंडल के पालकवाह ऑडिटोरियम में आयोजित प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री जयंती समारोह में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। उपमुख्यमंत्री ने प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय हरोली में कन्या छात्रावास का शिलान्यास किया। यह लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होगा।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा पौधरोपण भी किया। यह आयोजन प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री फाउंडेशन द्वारा क्षेत्र के मेधावी बच्चों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया गया।
समारोह के दौरान हरोली विधानसभा क्षेत्र के तीनों कॉलेजों के विभिन्न संकायों के टॉपर्स को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न और 5100-5100 रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया गया।
मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि हरोली विस के लिए 100 करोड़ रुपये की नई सिंचाई योजना स्वीकृत हुई है। मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से कॉलेज का नया भवन निर्माणाधीन है, जो इस वर्ष दिसंबर तक बनकर तैयार हो जाएगा। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत राणा, कांग्रेस नेता अशोक ठाकुर, विनोद बिट्टू, सतीश बिट्टू, प्रमोद कुमार, संदीप अग्निहोत्री, एसपी अमित यादव, एसडीएम विशाल शर्मा, एसडीएम अंब सचिन शर्मा, शिक्षा विभाग के अधिकारी, हरोली कॉलेज प्राचार्य प्रो. रणवीर डडवाल, स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।