थानाकलां (ऊना)। पुलिस थाना बंगाणा के गांव अपर रायपुर निवासी रमेश चंद की शिकायत पर छह लोगों के खिलाफ मारपीट, रास्ता रोकने, धमकी देने और अन्य गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शिकायतकर्ता रमेश चंद ने आरोप लगाया है कि गांव के ही नीलम कुमार, नरेश चंद, पुष्पा देवी, सुनीता, गिरधारी लाल और व्यासा देवी ने उनकी छोटी बच्चियों को स्कूल जाते समय रास्ते में रोका और मारपीट की। घटना 4 मई सुबह करीब 7:15 बजे की बताई जा रही है।
रमेश चंद के अनुसार, जब वह और उनकी पत्नी मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस दौरान उनकी पत्नी कमलेश कुमारी को सिर पर गंभीर चोट आई। आरोप है कि आरोपियों ने उनकी मोटरसाइकिल भी जबरन छीनकर अपने कब्जे में ले ली और जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपियों द्वारा लंबे समय से रास्ता बंद करने और बच्चों को स्कूल आने-जाने में बाधा उत्पन्न की जा रही है। यहां तक कि लोक निर्माण विभाग द्वारा स्वीकृत रास्ते को भी कथित रूप से अवरुद्ध किया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। घायलों को मेडिकल जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बंगाणा भेजा गया है।
मामले की जांच मुख्य आरक्षी दीपक कुमार को सौंपी गई है। एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। मामले की जांच जारी है।