कन्या महाविद्यालय में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में मौजूद खिलाड़ी। स्रोत आयोजक
प्रदेश भर के महाविद्यालयों से 28 टीमों में लगभग 350 महिला खिलाड़ियों ने लिया भाग
राजकीय कन्या महाविद्यालय कोटला खुर्द में अंतर महाविद्यालय महिला कबड्डी चैंपियनशिप शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय कबड्डी चैंपियनशिप (महिला) राजकीय कन्या महाविद्यालय कोटला खुर्द में आरंभ हुई। इसमें प्रदेशभर के महाविद्यालयों से 28 टीमों के लगभग 350 महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया। उद्घाटन समारोह में कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा विक्कू व उनकी पत्नी मृदुल शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और खिलाड़ियों की हौसला आफजाई की। विधायक ने कहा कि खेलकूद आज के समय में बच्चों के लिए बहुत ही आवश्यक है। बच्चे नशे से दूर रहें और शारीरिक रूप से तंदुरुस्त रहें, इसके लिए खेलकूद जरूरी है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजकुमार की ओर से आए हुए खिलाड़ियों वह अध्यापकों का स्वागत किया गया। इस आयोजन के सचिव डॉ. ओंकार सिंह ने बताया कि तीन दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता के पहले मैच में राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं ने एचपीयू आईएलएस शिमला की टीम को 26- 05 से हराया। दूसरे मैच में राजकीय महाविद्यालय रामपुर ने राजकीय महाविद्यालय शिलाई को 28-09 के अंतर से हराया। तीसरे मैच में राजकीय महाविद्यालय शिमला ने राजकीय महाविद्यालय देहरी को 40-06 के बड़े अंतर से हराया। चौथे मैच में राजकीय महाविद्यालय ठियोग ने राजकीय महाविद्यालय फागली को 28-9 के अंतर से हराया। पांचवां मैच राजकीय महाविद्यालय सोलन और राजकीय महाविद्यालय कोटशेरा के बीच में खेला जा रहा है।