घनारी (ऊना)। आज के दौर में अनेक युवा सोशल मीडिया और दिखावे की दुनिया में उलझकर अपने लक्ष्य से भटक रहे हैं। वहीं घनारी की बेटियों अंकिता और मुस्कान ठाकुर ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और शिक्षा के प्रति समर्पण से सफलता की ऐसी मिसाल पेश की है, जिस पर पूरा क्षेत्र गर्व कर रहा है। बीकॉम तृतीय वर्ष की परीक्षा में प्रदेशभर में 8वां स्थान प्राप्त करने वाली अंकिता और राजकीय महाविद्यालय दौलतपुर चौक में प्रथम स्थान हासिल करने वाली मुस्कान ठाकुर को ग्राम पंचायत घनारी की प्रधान पूजा ने पहाड़ी टोपी पहनाकर सम्मानित किया। यह सम्मान केवल दो छात्राओं का नहीं बल्कि उस मेहनत, संघर्ष और लगन का सम्मान है जिसने पूरे घनारी क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। प्रधान पूजा ने कहा कि घनारी की इन बेटियों ने अपनी उपलब्धियों से यह स्पष्ट संदेश दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो तो कोई भी मंजिल असंभव नहीं रहती।