ऊना। ऊना-होशियारपुर मार्ग पर ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए घालूवाल में स्वां नदी पर नया डबल लेन पुल 37 करोड़ रुपये से बनेगा। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को इस परियोजना का शिलान्यास किया। उन्होंने भरोसा दिलाया की जल्द ही नए पुल का निर्माण शुरू होगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग 503ए के अंतर्गत बनने वाला 292.50 मीटर लंबा यह पुल प्रदेश सरकार के प्रस्ताव पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से स्वीकृत हुआ है। इस परियोजना को मंजूरी दिलाने के लिए डेढ़ वर्ष से विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए गए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुल हरोली का प्रवेश द्वार है और इसके निर्माण से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुगम और सुरक्षित होगी। पुराने पुल पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव और तकनीकी सीमाओं के कारण नए पुल की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
घालूवाल-झलेड़ा के बीच स्वां नदी पर वर्ष 1962 में तत्कालीन पंजाब मुख्यमंत्री प्रताप सिंह कैरों द्वारा पुल का निर्माण करवाया गया था। समय के साथ यह पुल जर्जर होने लगा है। बरसात के दौरान क्षति और जाम जैसी समस्याएं आम हो गई थीं। नया पुल इन समस्याओं का स्थायी समाधान साबित होगा और संपर्क व्यवस्था को मजबूती देगा। शिलान्यास के मौके पर प्रदेश कांग्रेस महासचिव रणजीत राणा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष देशराज गौतम, ब्लॉक अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, विवेक मिंका और विनोद बिट्टू सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
क्यों अहम है यह पुल
घालूवाल और झलेड़ा के बीच बनने वाला यह पुल कई मायनों में महत्वपूर्ण है। मौजूदा पुल के जरिये ऊना, हमीरपुर, मंडी और पंजाब के नंगल व होशियारपुर सहित अन्य क्षेत्रों के लोग आवाजाही करते हैं। रोजाना हजारों वाहन इस पुल से गुजरते हैं। करीब 63 साल पुराने पुल की स्लैब, ग्रिल और पिलर अब क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए नए पुल को मंजूरी दी गई है, जिससे आवागमन सुरक्षित और सुगम होगा।
हरोली में 132 करोड़ से 11 पुल निर्माणाधीन
शिलान्यास के दौरान उपमुख्यमंत्री ने बताया कि हरोली क्षेत्र में कनेक्टिविटी सुधारने के लिए 132 करोड़ रुपये की लागत से 11 पुलों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इनमें 1.74 करोड़ रुपये की लागत से चंदपुर पुल, एक-एक करोड़ रुपये की लागत से ईसपुर-डेरा बाबा भर्तृहरि दमामियां खड्ड पुल, 1.60 करोड़ रुपये से गोंदपुर जयचंद खड्ड पुल, 3.82 करोड़ रुपये से चंदपुर खड्ड पुल, 4.64 करोड़ रुपये से हरोली खड्ड पुल, 8.74 करोड़ रुपये से बढेड़ा खड्ड पुल, 15.04 करोड़ रुपये से कांगड़ खड्ड पुल और 6.24 करोड़ रुपये से पालकवाह खड्ड पुल शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 52 करोड़ रुपये की लागत से पंडोगा-त्यूड़ी पुल का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। जेजों मोड़ से टाहलीवाल चौक वाया भाई का मोड़ लिंक रोड के स्तरोन्नयन के लिए 48.69 करोड़ रुपये की स्वीकृति केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि के तहत प्राप्त हुई है। इस परियोजना के अंतर्गत 17.50 किलोमीटर सड़क का उन्नयन व पालकवाह, कांगड़ और बढ़ेड़ा में तीन पुलों का निर्माण शामिल है।