दौलतपुर चौक बस अड्डे के वाहर मुख्य सड़क खड़ी बस सवारियां का इंतजार करती हुई। संवाद
दौलतपुर चौक (ऊना)। सरकार की ओर से लाखों रुपये खर्च कर दौलतपुर में बस अड्डे का निर्माण करवाया गया लेकिन दिनभर इक्का-दुक्का बस ऑपरेटर ही अड्डे पर सवारियां उतारते हैं, अन्य मुख्य सड़क पर सवारियां उतारते व चढ़ाते हैं। इससे दुर्घटना का भय हर समय बना रहता है।
नगर पंचायत दौलतपुर चौक से चलने वाली अधिकतर बसें सड़क किनारे खड़ी होकर सवारियों को उतारने और चढ़ाने के साथ रुकने का समय व्यतीत करती हैं। इससे ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित होती है। प्रशासन कार्रवाई के बजाय किसी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है। मुख्य बस अड्डे के साथ ही नगर पंचायत कार्यालय, आर्मी कैंटीन, सरकारी स्कूल और कॉलेज है। इसके चलते 20 से 30 पंचायतों के निवासी दैनिक कार्यों के लिए अड्डे पर आते हैं लेकिन बस ऑपरेटरों के नकारात्मक रवैये से आम जनता को भारी जाम का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय निवासियों की मांग है कि बस ऑपरेटरों को निर्देश दिए जाएं कि सवारियों को बस अड्डे के अंदर ही उतारें। बुद्धिजीवी वर्ग ने भी प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेने की मांग की है और यह सुनिश्चित किया जाए कि बस अड्डे के अंदर ही सवारियों को उतारा व चढ़ाया जाए। कई बस चालकों के प्रेशर हॉर्न से हर कोई परेशान है और उक्त मामले में भी प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार जनता कर रही है।
बस अड्डे पर एक अतिरिक्त पुलिसकर्मी की ड्यूटी लगा दी जाएगी ताकि इस तरह की घटना को रोका जा सके। बस ऑपरेटर जो सड़क पर सवारियों के लिए खड़े होंगे, उनके चालान काटे जाएंगे।
-रविपाल, चौकी प्रभारी, दौलतपुर चौक