गगरेट : आर्मी ग्राउंड में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी समारोह के दौरान भगवान मनमोहक झांकी प्रस्तुत करते
गगरेट (ऊना)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर धार्मिक आयोजन समिति गगरेट की ओर से आर्मी ग्राउंड में आयोजित समारोह ने शुक्रवार रात भक्तिमय माहौल बना दिया। फूलों, रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से सजे पंडाल में देर रात तक सैकड़ों श्रद्धालु कृष्ण भक्ति में लीन रहे। पूरा आयोजन भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। समारोह का मुख्य आकर्षण वृंदावन से पहुंचे रोहन भैया एंड पार्टी व रास पार्टी द्वारा प्रस्तुत महारास रहा। कलाकारों ने श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं, राधा-कृष्ण की झांकियों और सखियों के साथ महारास का मनमोहक मंचन किया। बाल कलाकारों के शानदार नृत्य और भजनों की मधुर धुनों ने ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु खुद को वृंदावन की रासलीला का हिस्सा महसूस करने लगे।