यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों पर चला चाबुक
संवाद न्यूज एजेंसी
गगरेट (ऊना)। यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों पर डीएसपी डाॅ. वसुधा सूद का ऐसा चाबुक चला है कि एक माह के भीतर ही उपमंडल पुलिस अधिकारी अंब के अधीन आने वाले पुलिस थानों में 3872 चालान हुए हैं।
इनमें से 2222 चालान न्यायालय को भेजे गए हैं, जबकि 1650 चालानों से नौ लाख 82 हजार रुपये के करीब जुर्माना वसूल किया गया है। सबसे ज्यादा चालान करने में पुलिस थाना अंब अव्वल रहा है। पुलिस थाना अंब में एक माह के भीतर 1903 चालान किए गए हैं। उपमंडल अंब व गगरेट कुछ ही सालों में सड़क दुर्घटनाओं के लिए कुख्यात हुए हैं। यहां सड़क दुर्घटनाओं में मौत का शिकार होने वालों का आंकड़ा भी अच्छा-खासा है। इसी के चलते एसडीपीओ डाॅ. वसुधा सूद ने वाहन चालकों से सख्ती से निपटने का निर्णय लिया।
डाॅ. वसुधा सूद के आदेश पर यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू किया, तो एक ही माह में 3872 वाहन चालक नपे। जीरो टालरेंस की पाॅलिसी अपनाते हुए पुलिस ने करीब 284 चालान ओवर स्पीड के एक ही माह के भीतर किए। वही, एक माह के भीतर ही पुलिस ने बिना हेलमेट पहने दोपहिया वाहन चलाने वाले 568 वाहन चालकों के चालान किए हैं। यातायात नियमों की अवहेलना करने पर वाहन चालकों को सबक सिखाने में पुलिस थाना अंब अव्वल रहा है।
पुलिस थाना अंब ने एक माह के भीतर ही करीब 1903 चालान किए हैं। दूसरे नम्बर पर चिंतपूर्णी पुलिस थाना ने एक माह के भीतर 1063 चालान किए हैं। वही, गगरेट पुलिस थाना ने एक माह के भीतर 906 चालान किए हैं। एसडीपीओ डाॅ. वसुधा सूद ने बताया कि यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले अपनी जान भी खतरे में डालते हैं, तो दूसरों की जान भी खतरे में डालते हैं। उच्च अधिकारियों के आदेश पर इन पर अब शिकंजा कसा जा रहा है।