संवाद न्यूज एजेंसी
गगरेट (ऊना)। पुराने नगर पंचायत कार्यालय में लगभग पांच लाख रुपये की धनराशि से तैयार स्वामी विवेकानंद स्मृति पुस्तकालय और चिंतपूर्णी महिला उत्थान सिलाई प्रशिक्षण केंद्र जनता के सुपुर्द कर दिया गया। विधायक राजेश ठाकुर ने शुक्रवार को पुस्तकालय और सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में उपायुक्त राघव शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
विधायक राजेश ठाकुर ने जिला प्रशासन को इस अभिनव पहल पर बधाई दी और नगर पंचायत गगरेट का लाइब्रेरी खोलने के लिए स्थान देने पर धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि गगरेट में लाइब्रेरी सबका सपना था, जो पूरा हो गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही गगरेट में एक आधुनिक पार्क का निर्माण भी किया जाएगा। इसके लिए सेना की जमीन ट्रांसफर करने की प्रक्रिया जारी है। इससे पूर्व एसडीएम सौमिल गौतम ने विधायक राजेश ठाकुर और उपायुक्त राघव शर्मा का कार्यक्रम में स्वागत किया। उन्होंने बताया कि चिंतपूर्णी महिला उत्थान केंद्र प्रशिक्षण केंद्र में लगभग 80,000 रुपए की पांच सिलाई मशीनें रखी गई हैं।
इस अवसर पर एनएसी अंब गगरेट के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार, उपाध्यक्ष कुसुम लता, पार्षद सरोज बाला सूद, अनिल ठाकुर, ब्रह्मदत्त, केसीसी बैंक के निदेशक पवन नंबरदार, औद्योगिक संघ के अध्यक्ष प्रमोद शर्मा सहित अन्य गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
जल्द होगा पार्क की चहारदीवारी का निर्माण
राजेश ठाकुर ने कहा कि पार्क की चहारदीवारी का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू हो जाएगा। इसके लिए 20 लाख रुपये दिए जा रहे हैं। दस लाख रुपए वह विधायक निधि से देंगे, जबकि 10 लाख रुपये जिला प्रशासन देगा। उन्होंने कहा कि गगरेट में एसडीएम कार्यालय मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की देन है। उन्होंने लाइब्रेरी के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से 51 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
जिले में खोला चौथा पुस्तकालय
उपायुक्त राघव शर्मा ने कहा कि जिला प्रशासन प्रत्येक उपमंडल में पुस्तकालय खोलने को प्रयासरत हैं, ताकि पढ़ाई के लिए अच्छा माहौल तैयार किया जा सके। इससे पहले उपमंडल स्तर पर ऊना, हरोली तथा अंब में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए पुस्तकालय स्थापित किया गया है और यह चौथा पुस्तकालय है। उन्होंने कहा कि जन सहयोग से लाइब्रेरी को खोला गया है। सिलाई टीचर को ही लाइब्रेरी चलाने का दायित्व दिया जाएगा।