मैहतपुर (ऊना)। निकटवर्ती सासन गांव में एक युवक से विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। गुरबख्श चंद पुत्र नानक चंद निवासी गांव सासन के साथ हुई धोखाधड़ी को लेकर ग्रामीणों ने जिप सदस्य पंकज सहोड़ को ज्ञापन सौंपा और जल्द से जल्द न्याय की मांग की।
गुरबख्श चंद ने बताया कि उसने मार्च 2019 में अपने लड़के पंकज मल्ली को एजेंट के द्वारा विदेश भेजा था। एजेंट हर्ष कुमार पुत्र स्वर्ण कुमार रैंसरी का रहने वाला है। पीड़ित का आरोप है कि एजेंट ने लड़के को दोहा कतर भेजा था। विदेश भेजने की एवज में उसने एक लाख रुपये लिए। उसने कहा था कि वह उसके लड़के को वहां पर काम दिलवा देगा। मार्च 2019 में लड़का विदेश चला गया।
विदेश जाने के एक महीने बाद उसको वहां काम नहीं मिला। लड़का रोजगार के लिए विदेश में दर-दर की ठोकरें खाता फिरता रहा। बार-बार हर्ष को बताने के बावजूद उसने कुछ नहीं किया। पीड़ित ने बताया वह लड़के को यहां पर एक लाख रुपये कर्जा लेकर उसको एजेंट के माध्यम से विदेश भेजा था। लेकिन विदेश में कोई काम न मिलने के कारण उसको रोजी-रोटी के भी लाले पड़ गए।
उसने एक महीने के बाद किसी तरह उसको पैसे भिजवा कर उसकी इंडिया की टिकट करवाई। वह अप्रैल 2019 में ऊना लौटा आया। गुरबख्श चंद ने जिप सदस्य पंकज सहोड़ को ज्ञापन सौंप कर एजेंट हर्ष कुमार को दी हुई राशि वापस दिलवाने की मांग की।
पंकज सहोड़ का कहना है कि इस मुद्दे को जल्द जिला परिषद की बैठक में उठाया जाएगा। जिला परिषद के माध्यम से एसपी को शिकायत भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन से जिले में फर्जी एजेंटों की पहचान कर कार्रवाई करने के लिए आग्रह किया जाएगा। इस मौके पर गुरमेल चंद, गुरबख्श चंद, ताराचंद, केसरो देवी, चंचला देवी, नानक चंद, निशू, राज कुमार, सोनू, जनक राज, पंकज मल्ली सहित अन्य भी उपस्थित थे।