ऊना। भारतीय जनता पार्टी के ऊना जिला कार्यालय दीप कमल में शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने की, जबकि मुख्य अतिथि सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर रहे। स्कूली बच्चों व कार्यकर्ताओं ने तिरंगे के साथ उनका स्वागत किया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि आजादी लाखों बलिदानों के बाद मिली है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अधिक सशक्त व समृद्ध हुआ है। उन्होंने कहा कि दुश्मन की गलत नजर का करारा जवाब दिया जाएगा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वे यात्रा करें, किसी को आपत्ति नहीं, लेकिन वोट चोरी न करें। उन्होंने वायनाड और रायबरेली का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ही वोटों में घुसपैठ करती आई है। ठाकुर ने कहा कि चुनाव आयोग के सफाई अभियान से घबराने के बजाय सहयोग करना चाहिए।