थानाकलां (ऊना)। ग्राम पंचायत धुंधला में 13 जुलाई 2025 को वन विभाग की ओर से भव्य वन महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक विवेक शर्मा शिरकत करेंगे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और ग्रामीण महिलाओं को पौधरोपण के लिए प्रेरित करना है। इस अवसर पर पंचायत क्षेत्र की सभी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को वन विभाग की ओर से निशुल्क पौधे वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम की विशेष बात यह है कि पौधरोपण के बाद वन विभाग की ओर से इन पौधों की देखभाल की जांच की जाएगी। जिस समूह के पौधे सबसे अच्छे रखरखाव में पाए जाएंगे, उस समूह को एक लाख रुपये की इनाम राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। इसलिए सभी स्वयं सहायता समूहों से विनम्र आग्रह किया गया कि वे सुबह 11 बजे निर्धारित स्थान पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पर्यावरणीय अभियान का हिस्सा बनें और प्रतियोगिता में भाग लेकर सम्मान व पुरस्कार अर्जित करें। संवाद