पुलिस मामला दर्ज करके जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। पुलिस थाना बंगाणा के तहत पंजाब नेशनल बैंक चौकी मन्यार में एक ज्वाइंट खाते से धोखाधड़ी करके 1.98 लाख रुपये निकलवाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार कमल किशोर निवासी जलग्रां टब्बा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मैसर्ज महावीर स्टोन क्रशर शिव नगर टकारला में 35 प्रतिशत हिस्सेदारी रखता है। जबकि उसका साथी सतीश कुमार निवासी गांव व डाकघर टकारला तहसील अंब, जिला ऊना की इसमें 65 प्रतिशत की हिस्सेदारी है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसका अपने पार्टनर सतीश कुमार के साथ पंजाब नेशनल बैंक चौकी मन्यार में साझा बैंक खाता है। शिकायतकर्ता ने पुलिस के समक्ष आरोप लगाया कि उसके पार्टनर सतीश कुमार ने धोखाधडी से साझे खाते में से 1.98 लाख रुपये अपनी पत्नी के खाते में ट्रांसफर करवा लिए। पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसमें बैंक खाते में हुए लेनदेन का आंकड़ा हासिल किया गया है। आगे की जांच प्रक्रिया चल रही है।