वन विभाग ने अंब और गगरेट क्षेत्र में शनिवार तड़के की कार्रवाई
अवैध कटान और तस्करी रोकने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में रात्रि गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई
संवाद न्यूज एजेंसी
घनारी (ऊना)। जिला ऊना वन विभाग ने अंब और गगरेट क्षेत्रों में लकड़ी की अवैध तस्करी के खिलाफ शनिवार तड़के एक बड़ी कार्रवाई की। गगरेट सीमा (बॉर्डर) के पास टीम ने चार वाहनों को रोकने में सफलता हासिल की। इस कार्रवाई के दौरान नादौन क्षेत्र से आ रहे तीन वाहनों और अंब क्षेत्र से आ रहे एक वाहन को रोका गया।
जांच में पाया गया कि नादौन से आ रहे तीनों वाहनों में प्रतिबंधित प्रजाति की लकड़ी थी, जबकि अंब से आए वाहन में खुली प्रजाति की लकड़ी लदी थी। सभी वाहनों के पास लकड़ी परिवहन के वैध दस्तावेज या परमिट नहीं थे। दस्तावेज न होने और वन नियमों के उल्लंघन के चलते चारों वाहनों को जब्त कर गगरेट वन चेक पोस्ट में रखा गया है। वन अधिनियम और संबंधित नियमों के तहत आगे की जांच शुरू कर दी गई है। इस अभियान में वन रक्षक बलदेव कुमार, पंकज, विक्रांत, रामपाल, सुशील और तरसेम शामिल थे। डीएफओ ऊना सुशील राणा ने कहा कि लकड़ी के अवैध कटान और तस्करी को रोकने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में रात्रि गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है और बाहरी जिलों से आने वाली गाड़ियों की दिन-रात जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी अवैध गतिविधि को पनपने नहीं दिया जाएगा।