ऊना। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू 13 मार्च को कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे बंगाणा पहुंचेंगे और लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली तुरकाल-पंगा जलापूर्ति योजना का शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर बंगाणा में एक जन आभार रैली भी आयोजित की जाएगी जिसमें संपूर्ण विधानसभा क्षेत्र की जनता मुख्यमंत्री का अभिनंदन करेगी। इस योजना के निर्माण से लठियाणी, धुंधला तथा आसपास के क्षेत्रों की विभिन्न जलापूर्ति योजनाओं के स्रोतों को सुदृढ़ किया जाएगा जिससे लोगों को पर्याप्त और नियमित पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। लंबे समय से पेयजल संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे क्षेत्रवासियों को इस योजना से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री अपने प्रवास के दौरान मिनी सचिवालय बंगाणा में पुस्तकालय तथा बहुउद्देशीय हॉल (जिम) की भी आधारशिला रखेंगे।