ऊना। नजदीकी बहडाला में रविवार को नौसेना दिवस पूर्व नौसैनिकों की ओर से परिवार मिलन कार्यक्रम के रूप में मनाया गया। इसमें हिमाचल एवं पंजाब से बड़ी संख्या में नौसैनिकों के परिवार ने मिलन समारोह में भाग लिया। कार्यक्रम में दिवंगत सुरजीत सिंह, तरसेम देवी को दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी गईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान ओम प्रकाश शर्मा ने की। जबकि विशेष रूप से महामंत्री राजेंद्र कुमार शर्मा, कोषाध्यक्ष एसपी शर्मा, डॉ. बलदेव डोगरा सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे। नेवल एक्स सर्विसमैन वेलफेयर एसोसिएशन ऊना की ओर से आयोजन के दौरान अपने प्रकल्प देवदूत के तहत चार दिसंबर की शाम रामपुर में हुए सड़क हादसे में घायलों को अपनी गाड़ी में अस्पताल पहुंचाकर मानव जीवन रक्षक बने पटवारी परमजीत सिंह और उनकी पत्नी को सम्मानित किया। प्रधान ओमप्रकाश ने कहा कि सड़क हादसों में कई जिंदगियां ऐसी ही मदद के बिना अपनी जान गंवा जाती है। इसलिए हमें सड़क हादसों में घायलों को देखकर अपने स्तर पर प्रयास कर अस्पताल पहुंचाना चाहिए। इस मौके पर बच्चों के लिए मिक्की माउस, चिल्ड्रन ट्रेन, महिलाओं के लिए म्यूजिक चेयर प्रतियोगिता, तंबोला जैसी गतिविधियां करवाई गई। बच्चों और महिलाओं, पुरुषों को इनाम एवं उपहार दिए गए। पूर्व सैनिकों की समस्याओं और उनके समाधान के बारे में विस्तार से चर्चा हुई। एसोसिएशन के प्रधान ओम प्रकाश ने बताया कि नौसेना दिवस चार दिसंबर 1971 को ऑपरेशन ट्राइडेंट के अंतर्गत पाकिस्तान की मुख्य बंदरगाह कराची पर अचानक जबरदस्त हमला करके उसे तबाह कर दिया। मुख्य तेल भंडार को नष्ट कर दिया, कई जहाज डूबा दिए। पूर्वी पाकिस्तान की सप्लाई रोक दी। ऊना में 1997 से (कोरोना वर्ष छोड़कर) हर साल लगातार पूर्व नौसैनिक परिवार सहित, नौसेना दिवस मना रहे हैं। इस मौके पर शिव कुमार, दीपक कुमार, जेई अमित कुमार, कमांडर कालीदास, कमांडर राजेश्वर, लै. दर्शन सिंह सहित पूर्व नौ सैनिकों के परिवार सदस्य मौजूद रहे। संवाद