ऊना। जिला ऊना में शनिवार को सुबह मौसम साफ रहा और धूप निकली। मगर धुंध और कोहरे के कारण ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई। इससे यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा। कई यात्री तो अन्य विकल्प तलाश कर अपने गंतव्य को रवाना हो गए, जबकि कई लोग रेलवे स्टेशनों पर घंटों ट्रेनों के आने का इंतजार करते रहे।
शनिवार को ऊना रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 19307 चंडीगढ़-इंदौर एक्सप्रेस सुबह 08:35 बजे पहुंचने वाली थी, लेकिन यह ट्रेन पांच घंटे की देरी से दोपहर 02:50 बजे पहुंची। इस ट्रेन के यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा ट्रेन संख्या 14053 हिमाचल एक्सप्रेस भी सुबह 06:40 के स्थान पर 09:23 बजे पौने तीन घंटे की देरी से पहुंची।
सुपरफास्ट वंदे भारत एक्सप्रेस 22447 ट्रेन भी 1 घंटा 15 मिनट देरी से पहुंची। जबकि अंबाला कैंट-अंब अंदौरा एमईएमयू ट्रेन 40 मिनट देरी से पहुंची। अन्य ट्रेनें भी अपने तय समय के मुकाबले देरी से पहुंची।
बता दें कि ऊना आने वाली ट्रेनों के रूट में कई स्थानों पर धुंध व कोहरे की मार के चलते ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।