बड़ूही (ऊना)। जिला बाढ़ नियंत्रण बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता तिलक राज ने शनिवार को उपमंडल अंब की ग्राम पंचायत चुरुड़ू के वार्ड एक में गारनी खड्ड पर बने तटबांध का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पिछले वर्ष गारनी खड्ड के तेज बहाव के कारण तटबांध का बड़ा हिस्सा पानी में बह गया था जिससे बाकी का हिस्सा कमजोर हो गया। वर्तमान में भी खड्ड का पानी सीधे तटबांध के साथ बह रहा है। अब इस गंभीर मुद्दे को चुरुड़ू पंचायत के उपप्रधान जगपाल जसवाल ने स्थानीय ग्रामीणों और किसानों के साथ मिलकर बाढ़ नियंत्रण बोर्ड गगरेट के समक्ष प्रमुखता से उठाया। मौके पर पहुंचे कनिष्ठ अभियंता तिलक राज को स्थानीय ग्रामीणों ने समस्या से अवगत करवाते हुए बताया कि यदि इस बार भी भारी वर्षा हुई तो तटबांध टूट सकता है। स्थानीय लोगों में किशोरी लाल, वतन चंद, निखिल जसवाल, मंगत राम, रजत पठानिया, राम सुभाष का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा कार्य शुरू नहीं किया गया तो इस बार की बरसात बड़ी तबाही का कारण बन सकती है। निरीक्षण के उपरांत कनिष्ठ अभियंता तिलक राज ने बताया कि लोगों के मकानों और राजकीय स्कूल की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसके लिए सर्वप्रथम पानी के बहाव को दूसरी दिशा में मोड़ने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य करवाया जाएगा। साथ ही क्षतिग्रस्त तटबांध की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण के लिए विस्तृत एस्टीमेट तैयार कर उच्च अधिकारियों को स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। जैसे ही प्रस्ताव स्वीकृत होगा, आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाकर स्थायी समाधान किया जाएगा।