उपमंडल बंगाणा में रविवार रात बिजली गिरने से पांच ट्रांसफार्मर जल गए।
इससे करीब 20 गांव प्रभावित हुए हैं। इन गांवों में वैकल्पिक व्यवस्था से
बिजली सुचारु की गई है। सभी ट्रांसफार्मर 25 केवी के थे। बंजाल, सुहारी, हटवाणा, लवाणखर व मटियाणा
गांवों में स्थापित बिजली ट्रांसफार्मर जले हैं। इसके अलावा मुच्छाली गांव
में जमीन भी धंस गई है। इससे मक्की की फसल बह गई है।
ट्रांसफार्मर जलने से बोर्ड को चार लाख रुपये की चपत लगी है। बोर्ड के
कनिष्ठ अभियंता संतोष कुमार ने बताया कि गांवों में बिजली की व्यवस्था को
सुचारु करने के लिए एक दो सप्ताह का समय लग जाएगा। चपलाह गांव में
ट्रांसफार्मर के दो पोल ही बह गए हैं। हालांकि दूसरे ट्रांसफार्मर से
प्रभावित गांवों को बिजली की सप्लाई सुचारु कर दी गई है। ट्रांसफार्मर के
जलने से क्षेत्र के दर्जनों गांवों में बिजली संकट गहरा जाएगा। मुच्छाली
गांव में रविवार रात भारी बारिश होने से किसानों की चार कनाल भूमि में
मक्की की फसल बह गई है। ग्रामीणों का कहना है कि अब उन्हें रिहायशी मकानों
के ढहने का भय सता रहा है।
तहसीलदार ने किया मौके का दौरा
तहसीलदार बंगाणा विजय राय ने स्थानीय पटवारी के साथ गांव का दौरा किया और
नुकसान का आकलन किया। बताया कि लाखों रुपये की क्षति मुच्छाली के किसानों
को हुई है। नुकसान की सही जानकारी पैमाइश के बाद ही दी जा सकती है। धंसी
हुई जमीन की लंबाई 60 मीटर, चौड़ाई 30 मीटर व गहराई 12 फीट है। प्रभावित
किसानों में रमेश चंद शर्मा, ईश्वर दास, गीता देवी, व्यासा देवी, देवराज ने
प्रशासन व आपदा प्रबंधन बोर्ड से घटनास्थल पर बही जमीन का तटीयकरण करने की
मांग की है।