मुच्छाली में 20 जुलाई को चलेगा पौधरोपण अभियान 'एक पौधा मां के नाम'
बंगाणा (ऊना)। उपमंडल बंगाणा के मुच्छाली जिला पार्षद वार्ड के अंतर्गत आने वाली प्रत्येक पंचायत और गांव में 20 जुलाई से विशेष पौधा रोपण अभियान की शुरुआत की जाएगी। इस अभियान के तहत हर घर तक पांच पौधे पहुंचाए जाएंगे, ताकि प्रत्येक परिवार इस पर्यावरणीय मुहिम में भागीदार बन सके। इस पहल का उद्देश्य केवल हरियाली बढ़ाना नहीं, बल्कि लोगों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी जगाना है। इस बारे में जानकारी देते हुए जिला भाजयुमो सचिव अजय ठाकुर ने बताया कि यह पौधा रोपण कार्यक्रम एक पौधा मां के नाम योजना के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है। अजय ठाकुर ने बताया कि इस योजना के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति से अपील की जा रही है कि वह अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए। उन्होंने कहा कि आज जब जलवायु परिवर्तन और प्रदूषण वैश्विक चिंता का विषय बने हुए हैं, ऐसे में हमें स्थानीय स्तर पर भी सकारात्मक और ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ भावनात्मक जुड़ाव का भी संदेश लेकर आ रहा है।