1100 नंबर पर शिकायत करने के बाद भी नहीं हुआ समस्या का कोई समाधान
समाधान न होने पर लोगों ने दी प्रदर्शन की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
लठियाणी (ऊना)। ग्राम पंचायत लठियाणी के गांव राजली बनियाला की दलित बस्ती में पिछले लगभग एक महीने से जल शक्ति विभाग की ओर से लगाए गए नलों में पानी नहीं आ रहा है। ग्रामीणों ने विभाग के कर्मचारियों को कई बार अपनी समस्या से अवगत करवाया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। जल शक्ति विभाग की ओर से सुनवाई न होने पर ग्रामीणों ने 1100 हेल्पलाइन नंबर पर भी शिकायत दर्ज करवाई। इसके बावजूद इस दलित बस्ती को पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है, जिससे लोगों में भारी रोष व्याप्त है। गांववासियों का कहना है कि अगर 1100 नंबर पर शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सकता तो इस नंबर को बंद कर देना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से जल शक्ति विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभाग के अधिकारी सिर्फ कार्यालय में बैठकर यह रिपोर्ट भेज देते हैं कि नलों में पानी आ रहा है, जबकि वास्तव में उनकी समस्या का कोई समाधान नहीं किया जाता। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिनों के भीतर उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे जल शक्ति विभाग के कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि इस दौरान कोई अनहोनी होती है तो उसकी जिम्मेदारी जल शक्ति विभाग की होगी। इस मामले में जल शक्ति विभाग के एसडीओ बंगाणा, अशोक शर्मा ने कहा कि जैसे ही मामला उनके ध्यान में आया, कर्मचारियों को मौके पर भेजकर पेयजल आपूर्ति को सुचारु करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही लोगों को पेयजल उपलब्ध करवाया जाएगा।