धडूही में काटे गए खैर से पेड़। स्रोत विभाग
वन विभाग ने शुरू की जांच, बाजार कीमत 5.21 लाख रुपये आंकी
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ूही (ऊना)। उपमंडल अंब की ग्राम पंचायत रिपोह मिसरां के अधीन धडूही क्षेत्र में खैर चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात वन माफिया ने रात के समय सरकारी रिजर्व जंगल से खैर के पांच हरे-भरे पेड़ काट डाले। जानकारी के अनुसार खैर के पेड़ों पर हाल ही में कुल्हाड़ी चलाई गई है। घटना की जानकारी वन विभाग को उस समय मिली जब विभागीय वनरक्षक नियमित गश्त पर जंगल पहुंचे। उन्होंने देखा कि जंगल की घेराबंदी के लिए लगाई गई कांटेदार तार टूटी हुई है। संदेह होने पर जब अंदर जाकर निरीक्षण किया गया, तो वहां खैर के पांच पेड़ कटे पाए गए।
वन रक्षक अधिकारी (बीओ) रणजीत ने बताया कि इन पेड़ों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 5.21 लाख रुपये आंकी गई है। विभाग ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और जांच शुरू कर दी है। वन विभाग द्वारा रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि उस वाहन की पहचान की जा सके, जिससे खैर की लकड़ी को जंगल से बाहर ले जाया गया। बीओ रणजीत ने बताया कि पुलिस को सूचित कर दिया गया है और एफआईआर दर्ज की जा रही है। विभाग इस मामले को पूरी गंभीरता से लेते हुए जांच कर रहा है ताकि दोषियों को शीघ्र पकड़ा जा सके। इसके साथ ही विभाग ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास इस घटना से संबंधित कोई भी जानकारी हो, तो वह तत्काल विभाग से साझा करें।